चीन के हांगचोओ में हो रहे एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है और खेलों के 10वें दिन आज दो पदक प्राप्त हुए। भारत को पहला पदक नौकायन में मिला है। अर्जुन सिंह और सुनील सिंह ने पुरुषों के कैनोइंग डबल 1000 फाइनल में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीता। एशियाई खेलों के इतिहास में कैनोइंग में भारत का यह दूसरा पदक है।


मुक्केबाजी में प्रीति ने महिलाओं के 54 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता है। सेमीफाइनल में उन्हें चीन की युआन चैंग से हार का सामना करना पड़ा। प्रीति पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने में भी सफल रही हैं। लवलीना बोरगोहेन ने 75 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में पहुंचकर ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया है। लवलीना ने सेमीफाइनल में थाईलैंड की बेसन मानिकोन को पराजित किया।


क्रिकेट में भारत ने नेपाल को 23 रन से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने नेपाल को 203 रन का लक्ष्‍य दिया और यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 100 रन बनाए। जवाब में नेपाल की टीम निर्धारित 20 ओवर में 179 रन ही बना सकी। महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल के लिए जगह पक्की कर ली है। भारत ने अंतिम आठ में मुक़ाबले में हांग कांग को 13-0 से हराया।


तीरंदाजी में अभिषेक वर्मा ने पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट के फाइनल में और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट के फाइनल में प्रवेश कर पदक पक्का कर लिया है।


बैडमिंटन में एच एस प्रणय और पी वी सिंधू सिंगल्स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। प्रणय ने मंगोलिया के बत्दावा मुंखबात को 21-9, 21-12 से हराया। पी वी सिंधु ने चीनी ताइपे की वी चि सू को 21-10, 21-15 से हरा कर अगले दौर में जगह बना ली है। पदक तालिका में भारत 13 स्वर्ण, 24 रजत और 25 कांस्य पदकों के साथ कुल 62 पदक लेकर चौथे स्थान पर है। 



(Aabhar Air News)