विश्व में कोविड वैक्सीन के कुल उत्पादन का तीन चौथाई उत्पादन विश्व व्यापार संगठन के पांच सदस्य देशों में हुआ है। संगठन की महानिदेशक नगोजी ओकोंजो इवियला ने कहा है कि इस वर्ष की वैक्सीन का लगभग 75 प्रतिशत उत्पादन भारत, जर्मनी, अमरीका, फ्रांस और चीन में हुआ है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन का उत्पादन पूरी तरह केन्द्रीकृत बना हुआ है।

वे कल कोविड वैक्सीन की एकसमान पहुंच को बढ़ावा देने के लिए वैक्सीन उत्पादन का विस्तार विषय  पर एक उच्चस्तरीय संवाद को संबोधित कर रही थीं। सुश्री ओकोंजो इवियला ने कहा कि वैक्सीन की असमान पहुंच ही वैश्विक अर्थव्यवस्था के  संतुलित रूप से बहाल न होने का प्रमुख कारण है।

इसकी वजह से विकसित देशों की अर्थव्यवस्था जल्दी बहाल हो रही है जबकि अन्य देश काफी पीछे हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन आपूर्ति में पूर्ण पारदर्शिता की कमी चिन्ता का एक अन्य विषय है। इस वर्ष जून में विश्व में कोविड वैक्सीन की एक अरब दस करोड़ डोज दी गई।