मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि भारत ने इस साल लोकसभा चुनाव में 31.2 करोड़ महिलाओं सहित 64.2 करोड़ मतदाताओं के भाग लेने के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 68,000 से अधिक निगरानी दल और 1.5 करोड़ मतदान एवं सुरक्षा कर्मी विश्व के सबसे बड़े चुनावी अभियान में शामिल हुए हैं। कुमार ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के संचालन के लिए लगभग चार लाख वाहनों, 135 विशेष ट्रेनों और 1,692 हवाई उड़ानों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, ''2024 के आम चुनावों में केवल 39 पुनर्मतदान हुए, जबकि 2019 में 540 पुनर्मतदान हुए थे।''