युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोगों से आग्रह किया है कि वे तोक्‍यो ओलिम्पिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाडियों को प्रोत्‍साहित करते हुए अपने मित्रों और परिवार के सदस्‍यों के साथ वीडियो बनाकर हैश टैग हमारा विक्टरी पंच पर साझा करें।

श्री ठाकुर ने एक ट्वीट में कहा कि लोग वीडियो बनाकर इसे पांच अन्‍य लोगों को टैग कर सकते हैं और उन्‍हें भी भारतीय ओलिम्पिक टीम के समर्थन में अपना वीडियो साझा करने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं।
 
श्री अनुराग ठाकुर ने भी अपने ट्वीटर हैण्‍डल पर वीडियो पोस्‍ट किया है और पांच लोगों को टैग किया है। उन्‍होंने कानून और न्‍याय मंत्री किरेन रिजिजू, क्रिकेट खिलाड़ी वीरेन्‍द्र सहवाग, अभिनेता अक्षय कुमार, बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और पेटीएम के संस्‍थापक विजय शेखर शर्मा को टैग किया। 
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के वीडियो पोस्‍ट से टैग किए जाने पर केन्‍द्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने भी भारतीय ओलिम्पिक टीम को प्रेरित करते हुए ट्वीटर पर वीडियो साझा किया है। 
 
तोक्‍यो ओलिम्पिक में भाग ले रहे भारतीय खिलाडि़यों का मनोबल बढ़ाते हुए देश के विभिन्‍न भागों से शुभकामना संदेश आ रहे हैं।
 
भारतीय पहलवान और ओलिम्पिक कांस्‍य पदक विजेता योगेश्‍वर दत्‍त ने भारतीय खिलाडि़यों के लिए संदेश भेजा है।
   
अर्जुन पुरस्‍कार से सम्‍मानित अश्‍वनि नाचप्‍पा ने भी तोक्‍यो ओलिम्पिक में भाग ले रहे भारतीय खिलाडि़यों को प्रोत्‍साहित किया है।