यूरोपीय संघ ने रूस पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं। इनमें ऊर्जा क्षेत्र में निवेश पाबंदियों के अलावा विलासिता वस्तुओं के निर्यात और इस्पात उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध शामिल है।

ब्रिटेन ने भी प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाते हुए रूस को समर्थन देने वाले व्यापारियों की संपत्तियों के परिचालन पर रोक लगा दी है। इनमें चेल्सी फुटबॉल क्लब के मालिक रोमन एब्रामोविच भी शामिल हैं। यूरोपीय संघ पहले ही चार दौर में लगभग 600 रूसियों पर प्रतिबंध लगा चुका है।

यूरोपीय आयोग के उपाध्यक्ष वाल्डिस डोम्ब्रोव्स्की ने कहा कि नए प्रतिबंधों से रूस और कमज़ोर होगा युद्ध के लिए उसके संसाधन कम होंगे। 

रूस ने अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और 12 अन्य वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। रूस के विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि मौजूदा अमरीकी प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के जवाब में यह कदम उठाया गया है। प्रतिबंधित व्यक्तियों की सूची में अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भी शामिल हैं।

रूस के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि वह और भी अमरीकी अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों, सांसदों, व्यापारियों और मीडिया से जुड़े व्यक्तियों पर भी जल्द ही प्रतिबंध लगाएगा। (Aabhar Air News)