राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने आज मुंबई में नौसेना गोदी में 22वें मिसाइल वेसेल स्क्वॉड्रन को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान किया। इस स्क्वॉड्रन को किलर स्क्वॉड्रन के नाम से भी जाना जाता है। निशान अधिकारी लेफ्टिनेंट युद्धि सुहा ने राष्‍ट्रपति से ध्‍वज प्राप्‍त किया। राष्‍ट्र सेवा के लिए सर्वोच्‍च कमांडर द्वारा सेना की किसी भी टुकडी को दिया जाने वाला यह र्स्‍वोत्‍तम  सम्‍मान है। राष्‍ट्रपति ने अपने संबोधन में स्क्वॉड्रन के सभी अधिकारियों और स्‍टाफ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि देश जब स्‍वर्णिम विजय वर्ष मना रहा है ऐसे समय में यह सम्‍मान विशेष हो जाता है। हिंद प्रशांत क्षेत्र में उभरती भू राजनैतिक चुनौतियों ने भारत को इस क्षेत्र में में महत्‍वपूर्ण बना दिया है। श्री कोविंद ने प्राकृतिक आपदा के दौरान मानवता की रक्षा के लिए नौसेना के राहत और बचाव कार्यों की प्रशंसा की। उन्‍होंने कहा कि नौसेना ने कोविड महामारी के दौरान नागरिकों की स्‍वदेश वापसी और तौक्‍ते तूफान के दौरान बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभाई।
   
इस अवसर पर डाक विभाग ने विशेष डाक टिकट जारी किया। समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कौशियारी, नौसेना अध्यक्ष के साथ-साथ कई अन्‍य गण्‍यमान्‍य अधिकारी मौजूद रहे।
                                                                                                                                                                                                  (Aabhar Air News)