केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण मार्च 2024 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। नई दिल्‍ली में आज मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण इलाकों में सभी के लिए आवास सुनिश्चित करेगी। उन्‍होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत शेष एक सौ 55 लाख से अधिक आवासों के निर्माण में सहायता प्रदान करेगी और दो करोड़ 95 लाख सुविधायुक्‍त पक्‍के आवास निर्माण का लक्ष्‍य पूरा करेगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि मत्रिमंडल ने केन-बेतवा नदियों को जोड़ने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना पानी की किल्‍लत झेल रहे बुंदेलखंड क्षेत्र में पानी की उपलब्‍धता स‍ुनिश्चित करेगी। श्री ठाकुर ने कहा कि बढ़ी हुई पानी की उपलब्‍धता कृषि कार्यों को बढ़ावा देगी और पिछड़े बुंदेलखंड क्षेत्र में साम‍ाजिक-आर्थिक समृद्धि को बढ़ाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक दो करोड़ 95 लाख आवास के कुल लक्ष्‍य में से एक करोड़ 65 लाख आवास का निर्माण किया जा चुका है और अगले वर्ष 15 अगस्‍त तक दो करोड़ से अधिक आवास का निर्माण कर लिया जाएगा। शेष एक सौ 55 लाख 75 हजार आवास के निर्माण पर कुल दो लाख 17 हजार दो सौ 57 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
   
केन-बेतवा नदियों को जोड़े जाने की परियोजना पर 44 हजार 605 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इस कार्य को आठ वर्ष में पूरा किया जाएगा। यह परियोजना सूखा संभावित मध्‍य प्रदेश के छत्‍तरपुर, पन्‍ना और टीकमगढ़ तथा उत्‍तर प्रदेश के बांदा, महोबा और झांसी क्षेत्रों में एक लाख 26 हजार हेक्‍टेयर जमीन के लिए सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करेगी। 62 लाख लोगों के लिए पेयजल सुविधा प्रदान करने के लिए नहरों को जोड़ा जाएगा। परियोजना के अंतर्गत एक सौ तीन मेगावॉट जल विद्युत और 27 मेगावॉट सौर ऊर्जा का उत्‍पादन होगा।
मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज चौहान ने केन-बेतवा सम्‍पर्क परियोजना को मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, केन्‍द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केन्‍द्रीय मंत्रिमण्‍डल का आभार व्‍यक्‍त किया है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए वरदान साबित होगी।

                                                                                                                                                                                                                                                (Aabhar Air News)