नीति आयोग ने SDG इंडिया इंडेक्स 2023-24 जारी किया है और कहा है कि भारत वैश्विक चुनौतियों के बावजूद सतत विकास लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है। सूचकांक को नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने नीति आयोग के CEO बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम की उपस्थिति में लॉन्च किया। श्री सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत के लिए समग्र स्कोर 2018 में 57 से बढ़कर 2020-21 में 66 हो गया और 2023-24 में 71 हो गया। SDG इंडिया इंडेक्स 113 संकेतकों पर सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की राष्ट्रीय प्रगति को मापता है और ट्रैक करता है। यह प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए 16 SDG पर लक्ष्य-वार स्कोर की गणना करता है।