दिल्ली पुलिस ने राजधानी के जहांगीरपुरी क्षेत्र में पथराव और आगजनी मामले में अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों में दो प्रमुख अभियुक्त भी शामिल हैं, जो पुलिस हिरासत में भेज दिए गए हैं।। दो किशोरों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रमुख अभियुक्तों ने गोली चलाई थी, जिससे दिल्ली पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया था। तीसरे प्रमुख अभियुक्त को कल रात गिरफ्तार किया गया। वह पहले भी जहांगीरपुरी इलाके में डकैती और हत्या के प्रयास मामले में शामिल रहा है। जहांगीर पुरी हिंसा में आठ पुलिस कर्मी और एक स्थानीय निवासी घायल हुआ था।
पुलिस उपायुक्त- उत्तर पश्चिम, उषा रंगनानी ने बताया कि अभियुक्तों से तीन बंदूक और पांच तलवार जब्त की गई है।
अपराध शाखा के विशेष आयुक्त रविन्द्र यादव ने बताया कि जिला पुलिस और अपराध शाखा संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।
इस बीच, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने जहांगीरपुर हिंसा में बच्चों से पथराव कराने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा है।
जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।
(Aabhar air News )